Home » Asia Cup T20 : एक विकेट लेते ही इतिहास रचेंगे अर्शदीप, हार्दिक पांड्या के पास भी 100 विकेट पूरे करने का मौका
खेल

Asia Cup T20 : एक विकेट लेते ही इतिहास रचेंगे अर्शदीप, हार्दिक पांड्या के पास भी 100 विकेट पूरे करने का मौका

एशिया कप टी20 2025 का आगाज 9 सितंबर से होने जा रहा है। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ मैच से करेगी। वहीं, 14 सितंबर को भारत का सामना पाकिस्तान से और 19 सितंबर को ओमान से होगा। इस टूर्नामेंट में भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह एक खास मुकाम हासिल करना चाहेंगे। उनके पास 100 टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बनने का मौका है।

भारत ने दिसंबर 2006 में अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला था। तब से अब तक कई भारतीय गेंदबाज छोटे फॉर्मेट में चमके, लेकिन कोई भी 100 विकेट का आंकड़ा पार नहीं कर पाया। अब अर्शदीप इस मील के पत्थर से सिर्फ एक कदम दूर हैं। एशिया कप टी20 में उन्हें जैसे ही एक विकेट मिलेगा, वे भारत के पहले ऐसे गेंदबाज बन जाएंगे जिन्होंने 100 टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट पूरे किए हों।

क्यों खास है यह रिकॉर्ड?

  • 19 साल के भारत के टी20 अंतरराष्ट्रीय इतिहास में कोई भी भारतीय गेंदबाज 100 विकेट तक नहीं पहुंच सका था।
  • अर्शदीप सबसे तेज भारतीय गेंदबाज हैं, जिन्होंने 99 विकेट झटके हैं।
  • वह ग्लोबल स्ट्राइक रेट के लिहाज से भी शीर्ष गेंदबाज माने जाते हैं।
  • उनकी गेंदबाजी का बड़ा हथियार डेथ ओवर्स में यॉर्कर और स्लोअर डिलीवरी है।

अर्शदीप के T20I के आंकड़े शानदार- अर्शदीप के अब तक के आंकड़े शानदार हैं। उन्होंने 2022 में डेब्यू के बाद केवल 63 मैचों में 99 विकेट झटके हैं। उनका औसत 18.30 और स्ट्राइक रेट 13.23 का है, जो उन्हें दुनिया के टॉप-लेवल स्ट्राइक गेंदबाजों में शामिल करता है। बेस्ट बॉलिंग फिगर नौ रन देकर चार विकेट रहा है। टी20 अंतरराष्ट्रीय में उनका इकोनॉमी रेट 8.29 का रहा है। उनके बाद युजवेंद्र चहल भारत के लिए टी20 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। चहल ने 96 विकेट लिए हैं, लेकिन वह पिछले काफी समय से टी20 अंतरराष्ट्रीय नहीं खेल पाए हैं। वहीं, हार्दिक पांड्या के पास भी 100 विकेट पूरे करने का मौका है। हार्दिक के नाम 114 टी20 अंतरराष्ट्रीय में 94 विकेट हैं। 16 रन देकर चार विकेट उनकी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी है। हार्दिक का इकोनॉमी रेट 8.20 का है। बुमराह 89 विकेट के साथ लिस्ट में पांचवें नंबर पर हैं।

Search

Archives