एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला महामुकाबला हर बार की तरह इस बार भी सुर्खियों में है, लेकिन इस बार एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। 14 सितंबर को दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस हाई-वोल्टेज मुकाबले की टिकटें अब तक हाउसफुल नहीं हुई हैं। यूं तो क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह मैच केवल खेल नहीं बल्कि भावनाओं का टकराव होता है। यही वजह है कि हर बार भारत-पाकिस्तान मुकाबले की टिकटें कुछ ही घंटों में बिक जाती हैं, लेकिन इस बार तस्वीर थोड़ी अलग है। अब सवाल उठ रहा है कि आखिर क्यों क्रिकेट जगत का सबसे बड़ा मुकाबला अब तक दर्शकों को स्टेडियम तक लाने में नाकाम रहा है।
–
ऊंची कीमत ने बढ़ाई मुश्किल-
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्लाइट और होटलों के दाम भी आसमान छू रहे हैं। दुबई पहुंचने की लागत भी फैंस की जेब पर भारी पड़ रही है। 13 और 14 सितंबर के आसपास की फ्लाइट्स की मांग इतनी बढ़ चुकी है कि किराए दोगुने हो गए हैं। मुंबई से दुबई फ्लाइट का किराया ₹11,000 से शुरू हो रहा है। दिल्ली से दुबई टिकट लगभग ₹15,000 तक पहुंच चुका है। फ्लाइट की वापसी की टिकट की कीमत मैच नजदीक आते-आते ₹25,000 से ₹40,000 तक पहुंच सकती है।
होटल्स की स्थिति भी कुछ अलग नहीं है। बजट होटल ₹5,000 प्रति रात के हिसाब से मिल रहे हैं। 3 से 4 स्टार होटल ₹9,000 से ₹12,000 के बीच हैं। 5 स्टार लग्जरी होटल ₹18,000 से ऊपर तक जा रहे हैं, खासकर डाउनटाउन दुबई जैसे इलाकों में। कई ट्रैवल एजेंसियों ने होटल और मैच टिकट को मिलाकर पैकेज तैयार किए हैं, जिनकी कीमत ₹76,000 से ₹88,000 प्रति व्यक्ति तक है ।







