जयपुर। एक चौंकाने वाला वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवा गाड़ियों को रोककर बीच सड़क पर बीयर और चखना बांटते नजर आ रहे हैं, जिसे लेकर इंटरनेट पर लोगों की मिश्रित प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
करीब ढाई मिनट के इस वायरल वीडियो में दिख रहा है कि कुछ युवा एक दुकान से बीयर की पेटी खरीदते हैं और फिर एक गाड़ी में रखकर सड़क से गुजर रहे लोगों को प्लास्टिक के गिलास में बीयर परोसते हैं। कई लोग पहले चौंकते हैं, लेकिन फिर हंसी-खुशी के साथ उसे स्वीकार करते दिखाई देते हैं। वीडियो के बैकग्राउंड में एक फिल्मी गाना भी सुनाई देता है।
घटना के दिन का संयोग- यह वीडियो निर्जला एकादशी के दिन का बताया जा रहा है। इस विशेष दिन पर जहां जगह-जगह लोग पानी, शरबत और आइसक्रीम का वितरण करते हैं, वहीं इस वीडियो में बीयर बांटे जाने की वजह से यह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
सोशल मीडिया पर आ रहीं ये प्रतिक्रियाएं- इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों ने अलग-अलग राय दी है। कुछ इसे युवाओं की मस्ती भरा कदम बता रहे हैं। वहीं, कुछ इसे संवेदनशील दिन पर सोच-समझकर कदम उठाने की जरूरत से जोड़ते हैं। लोगों का मानना है कि सार्वजनिक जगहों पर किसी भी आयोजन को जिम्मेदारी से करना चाहिए, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश जाए। वहीं, स्थानीय स्तर पर जानकारी के अनुसार यह वीडियो जयपुर के टोंक रोड और मालवीय नगर इलाके में शूट किया गया बताया जा रहा है।







