Home » करणी सेना के अध्यक्ष को मिली जान से मारने की धमकी, शेखावत ने कहा मैं डरने वाला नहीं हूं
देश राजस्थान

करणी सेना के अध्यक्ष को मिली जान से मारने की धमकी, शेखावत ने कहा मैं डरने वाला नहीं हूं

जयपुर। सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के बाद अब राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष शिव सिंह शेखावत को जान से मारने की धमकी मिली है। जयपुर में आयोजित महाराणा प्रताप जयंती समारोह के दौरान शेखावत के पास धमकी भरा फोन आया। इसके बाद शेखावत ने पुलिस को सूचना दी। फोन करने वाले ने एक सप्ताह में उनकी हत्या करने की धमकी दी है। राजपूत समाज ने शेखावत को सुरक्षा दिए जाने की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार शेखावत के पास पाकिस्तानी नंबर से काल आया था। फोन करने वाले ने एक सप्ताह में उनकी हत्या करने की धमकी दी है। धमकी देने वाले ने शेखावत से कहा, बहुत जल्द तेरा भी गोगामेड़ी जैसा हाल करेंगे। शेखावत ने इस बात का अंदेशा जताया कि कोई उनका पीछा कर रहा है।

पुलिस शेखावत को फोन करने वाले के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। इस बीच राजपूत समाज ने शेखावत को सुरक्षा दिए जाने की मांग की है। शेखावत ने कहा, गोगामेड़ी की हत्या के बाद वे लगातार न्याय की आवाज उठा रहे हैं। इस कारण उनकी आवाज को दबाने के लिए यह धमकी दी गई है। मैं धमकी से डरने वाला नहीं हूं।

Search

Archives