Home » सेना भर्ती रैली 5 अगस्त से अलवर में, 7500 अभ्यर्थियों को जारी किया गया कॉल लेटर
राजस्थान

सेना भर्ती रैली 5 अगस्त से अलवर में, 7500 अभ्यर्थियों को जारी किया गया कॉल लेटर

जयपुर । वर्ष 2025-26 के लिए राजस्थान भर्ती क्षेत्र की सेना भर्ती रैलियों की शुरुआत आगामी 5 अगस्त से की जा रही है। इस बार पहली भर्ती रैली अलवर जिले में आयोजित की जाएगी, जो 5 अगस्त से 20 अगस्त 2025 तक राज ऋषि कॉलेज, अलवर में चलेगी।

रैली का आयोजन मुख्यालय भर्ती क्षेत्र जयपुर, दक्षिण पश्चिमी कमान और अलवर जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। यह भर्ती रैली अलवर, खैरथल-तिजारा, भरतपुर, डीग, धौलपुर और कोटपुतली-बहरोड़ जिलों के उम्मीदवारों के लिए आयोजित की जा रही है।

7500 से अधिक उम्मीदवारों को मिला मौका- सेना के अनुसार, कॉमन एंट्रेंस एग्जाम 2025 में शामिल हुए लगभग 7,500 योग्य उम्मीदवारों को इस भर्ती रैली के लिए कॉल लेटर जारी किया गया है। यह रैली अग्निवीर (जनरल ड्यूटी), अग्निवीर (टेक्निकल), अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी, अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं व 10वीं पास) श्रेणियों में भर्ती के लिए आयोजित की जा रही है।

पारदर्शी चयन प्रक्रिया, दलालों से दूर रहें उम्मीदवार- मुख्यालय भर्ती क्षेत्र, जयपुर ने स्पष्ट किया है कि सेना भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वचालित होती है, और यह संपूर्ण रूप से योग्यता आधारित है। किसी भी प्रकार के कदाचार, दलाली या धोखाधड़ी से सख्ती से बचने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने अभ्यर्थियों को चेतावनी दी है कि वे किसी भी परिस्थिति में अपने शैक्षणिक या व्यक्तिगत दस्तावेज किसी दलाल या सिविल प्रशिक्षण संस्थान को न सौंपें। दस्तावेज केवल अधिकृत सेना भर्ती स्टाफ को ही मांगे जाने पर प्रदान करें।

पूरी जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं- अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे सेना भर्ती से जुड़ी सभी जानकारी और अपडेट के लिए भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर विजिट करें।

Search

Archives