रायपुर। प्रदेश में इस बार कड़ाके की ठंड पड़ रही है। प्रदेश का उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी हिस्सा सबसे ठंडा बना हुआ है। सर्दी के साथ-साथ कोहरे का असर देखने को मिल रहा है। ठंड और कोहरे की वजह से सामान्य जनजीवन पर असर पड़ा है।
प्रदेश के सभी संभागों के जिलों में मौसम शुष्क बना हुआ है। छत्तीसगढ़ का सबसे ठंडा शहर अंबिकापुर रहा, यहां शनिवार न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस सीजन में सरगुजा संभाग सबसे ठंडा बना हुआ है। ठंड के साथ-साथ धुंध और कोहरा भी देखने को मिल रहा है। मैनपाट में कड़ाके सर्दी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहां ओस की बूंद तक जम जा रही है।
रायपुर के माना में शनिवार (10 जनवरी) को न्यूनतम पारा 9.1 डिग्री सेल्सियस मापा गया. वहीं रायपुर के लालपुर में 11.9, बिलासपुर में 10.5, पेंड्रा रोड में 9.2, जगदलपुर में 10, दुर्ग में 8.2 और राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस मापा गया। प्रदेश का सर्वाधिक तापमान दुर्ग में 29.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया।मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 दिनों में पूरे क्षेत्र में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिसके बाद इसमें गिरावट आएगी।







