Home » टिंबर मार्केट में भीषण आगजनी : रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन, लाखों का सामान जलकर खाक
रायपुर

टिंबर मार्केट में भीषण आगजनी : रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन, लाखों का सामान जलकर खाक

रायपुर। फाफाडीह स्थित टिंबर मार्केट में बुधवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग पायनियर मार्केटिंग के कैलाश टिंबर गोदाम में शुरू हुई और देखते ही देखते आसपास के हिस्सों तक फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। शुरुआत में कुछ गाड़ियों से आग बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए संख्या बढ़ाकर 12 से अधिक फायर ब्रिगेड वाहनों को तैनात करना पड़ा। दमकल कर्मियों ने पूरी रात मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास जारी रखा।

आग पर नियंत्रण पाने के लिए अतिरिक्त पानी की व्यवस्था भी करनी पड़ी। इसके लिए एम्स अस्पताल परिसर से पानी लाकर आग बुझाने में उपयोग किया गया। लगातार प्रयासों के बावजूद आग ने गोदाम में रखे बड़े पैमाने पर लकड़ी और प्लाईवुड को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। आग की लपटों और धुएं के कारण आसपास के व्यापारियों में दहशत का माहौल रहा। एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया और पुलिस ने मौके पर सुरक्षा घेरा बना लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और हालात का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। यह घटना देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है और मामले की जांच जारी है।

Search

Archives