रायपुर। रायपुर के इंद्रप्रस्थ एरिया में सूटकेस मर्डर केस मामले में रायपुर एसएसपी लाल उमेद सिंह ने अहम खुलासा किया है। युवक की हत्या मामले में एक दंपती को दिल्ली में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी दंपती घटना को अंजाम देने के बाद प्लेन से दिल्ली भाग गए थे। दिल्ली पुलिस और सीआईएसएफ ने दोनों को हिरासत में लिया है। उन्हें लाने के लिये रायपुर से पुलिस की एक टीम दिल्ली रवाना हुई है। गिरफ्तार दंपती की पहचान अंकित उपाध्याय और शिवानी शर्मा के रुप में हुई है, जो रिटायर्ड एएसआई के बहू-बेटे बताये जा रहे हैं। हालांकि मामले का अभी पूरी तरह से खुलासा नहीं हुआ है।
आरोपियों के साथ अन्य संदेहियों की भी पड़ताल में पुलिस जुटी है। बताया जा रहा है कि करीब चार से पांच लोग इस हत्याकांड में शामिल हैं। आरोपी पेशे से वकील बताये जा रहे हैं। मामले में पैसे की लेन-देन को लेकर हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। आरोपियों को जल्द ही रायपुर लाया जायेगा। इसके बाद पूरी तरह से मामले का खुलासा किया जायेगा।
मृतक की पहचान किशोर पैकरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी इंद्रप्रस्थ फेस-टू में किराये में रूम लेकर रह रहे थे। पूर्व नियोजित प्लान के हिसाब से हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद फ्लाइट से दिल्ली फरार हो गये। जहां पर दिल्ली पुलिस और सीआईएसएफ ने दोनों को हिरासत में लिया है, उन्हें शीघ्र ही रायपुर लाया जायेगा।
पेटी की मॉर्किंग ने खोला राज – जांच के दौरान पुलिस को ट्रंक पर ‘हब्बू भाई’ नाम की मॉर्किंग दिखाई दी, फिर पुलिस गोलबाजार में पेटी लाइन स्थित शब्बीर स्टील ट्रंक फैक्ट्री (हब्बू भाई की दुकान) पहुंची। इस पर दुकानदार ने बताया कि कुछ दिन पहले ही एक महिला और एक पुरुष पेटी खरीदने आये थे। फोरेंसिक टीम ने शव की स्थिति और पैकिंग के तरीके को देखकर इसे एक पूर्व नियोजित हत्या का मामला माना है। मृतक के गर्दन पर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई है।







