Home » विधानसभा चुनाव 2023 : 74 प्रतिशत हुई वोटिंग, 958 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में हुई कैद
छत्तीसगढ़ रायपुर

विधानसभा चुनाव 2023 : 74 प्रतिशत हुई वोटिंग, 958 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में हुई कैद

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पांचवें विधानसभा चुनाव के दूसरे और चरण में प्रदेश की शेष 70 सीटों के लिए मतदान शाम पांच बजे तक खत्म हो गया। इसी के साथ ही 958 प्रत्याशियों की किस्मत अब ईवीएम में कैद हो गई है। पांच बजे तक छत्तीसगढ़ में 67.34 प्रतिशत मतदान हुआ था, जो रात नौ बजे तक बढ़कर 74 प्रतिशत हो गया। प्रदेश में कुल कुल 18,833 मतदान केंद्र बनाए गए थे, जिनमें 4,250 शहरी, 14,556 ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 के द्वितीय चरण के 70 विधानसभा क्षेत्रों में 17 नवंबर 2023 को शांतिपूर्ण तरीके से निर्वाचन संपन्न हुआ। दूसरे चरण के 70 विधानसभा क्षेत्रों में 5 बजे तक मतदान 68.15 प्रतिशत रहा। यह अनुमानित आंकड़े हैं, मतदान केन्द्रों से आंकड़े मिलने के बाद इन आंकड़ों में इजाफा होगा। इस रूझान में डाक मतपत्र से मतदान के आंकड़े शामिल नहीं है।

दुर्गम जगहों पर भी पहुंची वोटिंग टीम

मुख्य निर्वाचन अधिकारी रीना बाबा साहब कंगाले ने बताया कि कोरिया जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 1 भरतपुर-सोनहत के मतदान केन्द्र क्रमांक 143 शेराडांड में 5 मतदाताओं के लिये अस्थायी मतदान केन्द्र, मतदान केन्द्र क्रमांक 139 कांटो में 12 मतदाताओं के लिए, मतदान केन्द्र क्रमांक 162 रेवला में 23 मतदाताओं के लिए मतदान केन्द्र बनाया गया था। ये तीनों मतदान केन्द्र गुरु घासीदास नेशनल रिजर्व फॉरेस्ट क्षेत्र में स्थित हैं, जहां मतदान दलों को नदी-नालों को पार कर लंबी पैदल यात्रा करके जाना पड़ा था। इन तीनों मतदान केन्द्रों में 100 प्रतिशत मतदान पूर्ण हो चुका है। अब मतदान दल सकुशल वापसी कर रहे हैं।

नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी हुआ मतदान

गरियाबंद जिले के विधानसभा क्षेत्र कमांक 55 बिन्द्रा नवागढ़ में नक्सल प्रभावित अतिसंवेदनशील दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में मतदान हुआ है। यहां पर केन्द्र क्रमांक 77 आमामोश, 78 ओढ़ में मतदान दल नदी नाला पार कर 7-8 किलोमीटर की पैदल यात्रा के बाद पहुंचा। मतदान के बाद अब दल सकुशल वापसी की तैयारी में है। आमामोरा में 80 प्रतिशत और ओढ़ में 79.33 प्रतिशत।

कितने मतदान केंद्रों में थी वेब कास्टिंग सुविधा ?

रीना बाबा साहब कंगाले के मुताबिक दूसरे चरण के कुल 18 हजार 833 मतदान केन्द्रों में से 9 हजार 424 मतदान केन्द्रों पर वेब कास्टिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। वास्तविक मतदान के दौरान तकनीकी समस्याओं के कारण 137 बीयू (0.57 प्रतिशत) 113 सीयू (0.60 प्रतिशत) और 349 वीवीपीएटी (1.85 प्रतिशत) बदले गए। दूसरे चरण के निर्वाचन में एनएसएस, एनसीसी, स्काउट गाइट के कैडेट्स ने मतदान केन्द्रों पर वृद्धजन मतदाता और दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केन्द्र तक पहुंचाने में बड़े उत्साह से मदद की।

Search

Archives