रायपुर। नवा रायपुर के नकटी गांव स्थित ब्लू वाटर खदान में डूबे 24 वर्षीय आदिल खान का शव करीब 77 घंटे बाद पानी की सतह पर मिला। तीन दिनों तक SDRF और NDRF की टीमें गहरे पानी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाती रहीं, लेकिन सफलता नहीं मिली। शनिवार देर रात आदिल का शव खुद पानी की सतह पर दिखाई दिया। इस हादसे ने एक बार फिर ब्लू वाटर खदान में सुरक्षा व्यवस्था और लोगों की आवाजाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
तीन दिन तक चला सर्च ऑपरेशन : आदिल के डूबने के बाद माना थाना पुलिस के साथ SDRF की टीम मौके पर पहुंची। बाद में NDRF की टीम को भी रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया। गोताखोरों ने कई घंटों तक पानी के अंदर संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन आदिल का कोई सुराग नहीं मिला।
खदान की अधिक गहराई और पानी के अंदर कम तापमान के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने लगातार अभियान चलाने के साथ इंडियन नेवी से भी मदद मांगी थी। नेवी की ईस्टर्न कमांड की विशेष टीम रविवार को रायपुर पहुंचने वाली थी, लेकिन इससे पहले ही शनिवार देर रात शव पानी की सतह पर आ गया।
दोस्तों से लगी थी शर्त : जानकारी के मुताबिक, आदिल 19 अगस्त की शाम अपने तीन दोस्तों के साथ ब्लू वाटर खदान घूमने पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच पानी के एक छोर से दूसरे छोर तक तैरकर जाने की शर्त लगी। आदिल और उसका एक दोस्त पानी में उतर गए। तैरते हुए आदिल धीरे-धीरे गहरे हिस्से की तरफ चला गया और देखते ही देखते पानी में डूब गया। घटना का वीडियो भी सामने आया था।
सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद NDRF की टीम ने भी सर्च ऑपरेशन में हिस्सा लिया। करीब तीन दिनों तक लगातार तलाश के बाद शनिवार देर रात आदिल का शव पानी की सतह पर मिला।







