Home » जयपाल सिदार की हत्या की गुत्थी सुलझी : चार आरोपी गिरफ्तार, जेल से रची गई थी साजिश, एक लाख में तय हुआ था सौदा
रायगढ़

जयपाल सिदार की हत्या की गुत्थी सुलझी : चार आरोपी गिरफ्तार, जेल से रची गई थी साजिश, एक लाख में तय हुआ था सौदा

रायगढ़। जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में पूर्व विधायक के भाई जयपाल सिदार की हत्या की गुत्थी  पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्या किसी आपसी विवाद या आकस्मिक घटना नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश थी, जिसे जेल में बंद एक पुराने आरोपी शिव साहू ने रचा था। हत्या की सुपारी 1 लाख रुपये में दी गई थी। मामले में पुलिस ने चार आरोपी को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार जयपाल सिदार 7 जुलाई को अपनी स्विफ्ट डिजायर कार (क्रमांक CG12 BA 6453) से बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद लापता हो गए थे। अगले दिन 8 जुलाई को परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना लैलूंगा में दर्ज कराई। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एक विशेष जांच टीम गठित की, जिसमें सीएसपी अनिल विश्वकर्मा, साइबर सेल, एडिशनल एसपी आकाश मरकाम और एसडीओपी सिद्धांत तिवारी शामिल थे।

मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी से खुला राज- पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद तीन संदिग्धों शुभम गुप्ता, कमलेश यादव और मदन गोपाल सिदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में शुभम गुप्ता ने खुलासा किया कि जेल में बंद शिव साहू ने जयपाल की हत्या के लिए 1 लाख की सुपारी दी थी। शिव साहू ने पेरोल पर बाहर आकर शुभम से मुलाकात की थी और जून में हत्या की योजना बनाई गई थी।

चलती कार में गला घोंटकर की हत्या- 7 जुलाई को तीनों आरोपी जयपाल सिदार को कोतबा जाने के बहाने कार में बैठाकर जशपुर रोड की ओर ले गए। रास्ते में चलती कार में गमछा से गला कसकर उनकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को कार में छिपाकर आरोपी कई स्थानों पर घूमते रहे और अंततः सिसरिंगा घाटी (थाना धरमजयगढ़ क्षेत्र) में फेंक दिया। मोबाइल को मैनपाट जंगल में फेंका गया और कार का नंबर प्लेट हटाकर लाखा के पास सड़क किनारे छोड़ दिया गया। हत्या में प्रयुक्त गमछा को जला दिया गया।

पुलिस ने किया आरोपियों को गिरफ्तार– पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम कराया और हत्या की पुष्टि के बाद मामला दर्ज किया। थाना धरमजयगढ़ में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 103(1), 238, 61(2), और 3(5) BNS के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. मदन गोपाल सिदार (19 वर्ष) – निवासी पाकरगांव, थाना लैलूंगा
  2. शुभम गुप्ता उर्फ युगल किशोर (20 वर्ष) – निवासी पाकरगांव, थाना लैलूंगा
  3. कमलेश यादव (19 वर्ष) – निवासी मथपहाड़, थाना बागबहार, जिला जशपुर
  4. शिव साहू – मुख्य साजिशकर्ता, वर्तमान में हत्या के एक अन्य मामले में जेल में बंद

पुलिस की तत्परता और टीम वर्क से इस जघन्य हत्या की गुत्थी सुलझ सकी है। अब आगे आरोपियों के खिलाफ न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है

 

Search

Archives