ढाई महीने में 15 लोगों की मौत
नई दिल्ली। राजधानी में गर्मी शुरू होते ही आग लगने की घटनाएं बढ़ रही हैं। दिल्ली फायर सर्विस के डेटा के मुताबिक, इस साल 1 जनवरी से 9 मार्च तक फायर डिपार्टमेंट को आग लगने की 2,988 कॉल मिलीं, यानी हर दिन औसतन लगभग 44 कॉल।
मौतों की संख्या में बढ़ोतरी चिंता की बात
इन घटनाओं में 15 लोगों की जलने से मौत हो गई, जबकि फायर फाइटर्स ने 93 अन्य को बचाया। डेटा के मुताबिक, पिछले साल के पहले दो महीनों में फायर डिपार्टमेंट को आग लगने की 2,014 कॉल मिलीं, जिनमें आठ लोगों की जलने से मौत हो गई। इस साल घटनाओं और मौतों की संख्या में बढ़ोतरी चिंता की बात है। फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक, हाल ही में होली के दिन सदर बाजार के 12 टूटी चौक पर स्थित पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। इस घटना में दो मजदूरों की जलने से मौत हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर फंसे लोगों को निकलने का मौका भी नहीं मिला।
रिठाला इलाके में भीषण आग
फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उसी दिन बाहरी दिल्ली के रिठाला इलाके में भीषण आग लग गई। सौ से ज़्यादा झोपड़ियों में आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में एक टीनेजर की मौत हो गई, जबकि कई परिवारों का सामान जलकर राख हो गया।







