सीसीटीवी में कैद
कोप्पल। कर्नाटक के कोप्पल जिले में एक साइको चोर महिलाओं के अंतर्वस्त्र चुरा रहा है। यह सनकी चोर रात में घरों में घुसकर सिर्फ महिलाओं के अंडरगारमेंट्स चुरा रहा है। इलाके में लगे सीसीटीवी में संदिग्ध की हरकतों के विजुअल कैद हो गए हैं।
कर्नाटक के कोप्पल जिले में इन दिनों एक अजीबोगरीब चोर की दहशत है। यहां के गंगावती शहर में एक अज्ञात व्यक्ति पिछले कुछ दिनों से महिलाओं के अंतर्वस्त्रों की चोरी कर रहा है। यह साइको चोर रात में घरों में घुसकर सिर्फ महिलाओं के अंडरगारमेंट्स चुरा रहा है। इस सनकी चोर की हरकतों ने स्थानीय निवासियों और खासकर महिलाओं के मन में डर पैदा कर दिया है। उसकी हरकतें सीसीटीवी में कैद हो गई हैं, जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है।
सीसीटीवी में कैद हुई सनकी की करतूत
यह पूरी घटना गंगावती शहर के सीबीएस इलाके की है। पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार एक अज्ञात व्यक्ति रात के अंधेरे में घरों की दीवारों को फांदकर अंदर घुसता है। वह घर के बाहर सूखने के लिए डाले गए महिलाओं के कपड़ों को चुराकर भाग जाता है। इस इलाके के कई घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों में यह चोर कैद हुआ है। वीडियो में उसे संदिग्ध तरीके से दीवार फांदते और चोरी करते हुए देखा जा सकता है।
महिलाओं का कहना है कि चोर सिर्फ महिलाओं के कपड़ों को ही निशाना बना रहा है। इस अजीबोगरीब चोरी के कारण मोहल्ले की महिलाओं में अपनी सुरक्षा और प्राइवेसी को लेकर काफी चिंता है। निवासियों ने इस चोर को साइको यानी मानसिक रूप से बीमार बताया है और जल्द से जल्द उसकी गिरफ्तारी की मांग की है।
उमेश रेड्डी का खौफनाक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक इस तरह की सनक खतरनाक भी हो सकती है। राज्य के कुख्यात अपराधी उमेश रेड्डी को जब 2002 में गिरफ्तार किया गया था, तब वह भी महिलाओं के अंतर्वस्त्र पहने हुए था। उसके पास से भारी मात्रा में महिलाओं के कपड़े बरामद हुए थे। उमेश रेड्डी एक पूर्व सिपाही था, जिसे कई महिलाओं के साथ रेप और हत्या के जुर्म में फांसी की सजा सुनाई गई थी। फिलहाल पुलिस गंगावती के इस मामले में आरोपी को पकड़ने की कोशिश कर रही है।







