बटाला। अमृतसर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर कलेर खुर्द के पास अमृतसर से जम्मू जा रही एक तेज रफ्तार टूरिस्ट बस हादसे का शिकार हो गई। बस में सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि पांच यात्री घायल बताए जा रहे हैं। इस दौरान बस के पीछे से आ रही पांच गाडिय़ां भी आपस में टकराकर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना का कारण फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
बस में सवार हरीश और नितश वासी जम्मू ने बताया कि वह अमृतसर के एक प्राइवेट कालेज में पढ़ता है। कालेज से पेपर खत्म होने के बाद वह अपने आठ दोस्तों के साथ अमृतसर से जम्मू टूरिस्ट बस नंबर जेके 02 डीएस 8849 पर सवार होकर अपने घर जा रहे थे। हम सभी दोस्त बस के पीछे बैठे हुए थे। जब बस पलटी उस समय हम सोए हुए थे। जब आंख खुली तो पता चला कि बस पलटने से पीछे वाला शीशा टूटने के कारण मैं और मेरे कुछ दोस्त बस से बाहर गिर गए हैं। इस दौरान बस में तो दो दोस्तों की बस पलटने से मौके पर ही मौत हो गई।
एएसआई बलजीत सिंह ने बताया कि सुबह सात बजे एक टूरिस्ट बस पलटने से दो छात्रों की मौत हो गई। जिस दौरान करीब आठ लोग घायल हुए हैं। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। इस दौरान बस के पीछे से आ रही करीब पांच गाडिय़ां भी आपस में टकराई है। हालांकि इस दौरान उन गाडिय़ों में किसी को कोई चोट नहीं पहुची है।







