श्रीनगर। हेरोइन और नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में पुलिस ने दो बाइक सवारों को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस तस्करों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस ने बताया कि नाका चेकिंग के दौरान पुलिस पोस्ट नेवा पुलवामा ने एक मोटरसाइकिल को रोका, जो हसनवानी से सिंगू नारबल की ओर आ रही थी। मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति सवार थे। चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल की सीट के नीचे से हरे रंग का एक पॉलीथीन बैग बरामद किया गया। बैग की तलाशी लेने पर उसमें से हेरोइन जैसा दिखने वाला पदार्थ बरामद हुआ। हेरोइन का वजन लगभग 7.50 ग्राम था। दोनों व्यक्तियों ने अपने नाम मोहम्मद अल्ताफ लोन निवासी तुरका वाघम और समीर अहमद डार निवासी बटपोरा बताए। पुलिस स्टेशन पुलवामा में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







