Home » आरबीआई को बम से उड़ाने की धमकी, रूसी भाषा में भेजा गया धमकी भरा ईमेल
देश

आरबीआई को बम से उड़ाने की धमकी, रूसी भाषा में भेजा गया धमकी भरा ईमेल

मुंबई। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) को शुक्रवार 13 दिसंबर को धमकी भरा ईमेल मिला। इस मेल में आरबीआई को विस्फोटकों से उड़ाने की धमकी दी गई है। यह मेल रूसी भाषा में आरबीआई गवर्नर के ईमेल आईडी पर भेजा गया। मेल मिलते ही मुंबई पुलिस हरकत में आई और एमआरए मार्ग पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

पहले भी आ चुके हैं ऐसे कॉल

यह पहली बार नहीं है जब भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) को धमकी मिली हो। पहले भी धमकी भरे कॉल आ चुके हैं। नवंबर में, एक शख्स ने खुद को लश्कर-ए-तैयबा का “सीईओ” बताते हुए कॉल किया था। उसने सुबह 10 बजे कॉल करके एक बैक रोड बंद करने की मांग की और यह भी कहा कि उसकी इलेक्ट्रिक कार खराब हो गई है। इस घटना के बाद मुंबई पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की, लेकिन कुछ संदिग्ध नहीं पाया गया।

साइबर क्राइम सेल से मांगी मदद

मुंबई पुलिस ने धमकी भरे मेल की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। मेल भेजने वाले का पता लगाने के लिए मुंबई पुलिस ने साइबर क्राइम सेल से मदद मांगी है। धमकी भरे ईमेल का आईपी एड्रेस ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि मेल भेजने के पीछे किसका हाथ है और इसका मकसद क्या है।

Search

Archives