ओडिशा के झारसुगड़ा से एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने कोबरा को काट लिया। इतना ही नहीं शख्स द्वारा काटे जाने के बाद सांप की मौत हो गई, वहीं शख्स अस्पताल में भर्ती है।
दरअसल युवक का पैर अचानक कोबरा पर पड़ गया। इसके बाद सांप ने उसे काट लिया। इससे गुस्साए युवक ने भागने की बजाय सांप को पकड़ लिया और कथित तौर पर उसके फन को अपने दांतों से काटकर उसे मार डाला। यह अजीब घटना लाइकेरा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। युवक की पहचान करमापाड़ा गांव के धर्मसिंह खड़िया के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि धर्मसिंह खड़िया अपने खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर एक कोबरा सांप पर पड़ गया। पैर पड़ते ही सांप ने उसे डस लिया। अचानक सामने फन फैलाए कोबरा को देखकर धर्मसिंह डर गया। हालांकि, इसके बाद उसने जो किया, उसने सभी को हैरान कर दिया। धर्मसिंह ने सांप से दूर जाने के बजाय उसे पकड़ लिया और कथित तौर पर उसके फन को अपने दांतों से काट लिया। बताया जा रहा है कि उसने सांप को इसी तरह मार डाला।
दांत से काटकर सांप को मार डाला : धर्मसिंह के अनुसार, उसे पहले किसी ने बताया था कि अगर सांप किसी व्यक्ति को काट ले, तो बदले में सांप को काटने से शरीर में जहर नहीं रहता। इसी बात पर विश्वास करते हुए उसने सांप को पकड़कर उसे काट लिया। धर्मसिंह ने बताया कि सांप उसकी तरफ देख रहा था और जब वह उसकी ओर आया, तो उसने उसे पकड़ लिया और अपने दांतों से काट-काटकर उसे मार डाला। उसने यह भी बताया कि किसी ने पहले उनसे कहा था कि सांप को पकड़कर मार देना चाहिए और फिर उसे दूर फेंक देना चाहिए।
अस्पताल में भर्ती हुआ शख्स : धर्मसिंह के इस तरह सांप को पकड़ने और काटने के बाद कोबरा की मौत हो गई। हालांकि, कुछ समय बाद धर्मसिंह की तबीयत खराब होने लगी। तब परिवार के लोग उसे इलाज के लिए गोविंदपुर अस्पताल लेकर पहुंचे। घटना के बाद इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। फिलहाल धर्मसिंह का इलाज चल रहा है।
इस घटना में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि सांप के काटने की स्थिति में किसी भी तरह के पारंपरिक या झाड़-फूंक वाले उपायों पर भरोसा करना खतरनाक हो सकता है। सांप के काटने को मेडिकल इमरजेंसी माना जाता है। ऐसी स्थिति में समय बर्बाद किए बिना तुरंत अस्पताल पहुंचना जरूरी है।







