ठहरेंगे सरकारी मेहमान
नई दिल्ली। सिविल लाइंस स्थित 6-फ्लैगस्टाफ रोड का वह सरकारी बंगला, जो पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आधिकारिक आवास के रूप में लंबे समय तक चर्चा में रहा, अब नए स्वरूप में नजर आएगा। इस बंगले का उपयोग अब सरकारी और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए किया जाएगा।
गत दिनों हुई बैठक में सरकार ने फैसला किया है कि इस परिसर को दिल्ली सरकार के स्टेट गेस्ट हाउस और एक आधुनिक कल्चरल सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा।
परिसर का उपयोग सरकारी बैठकों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, राष्ट्रीय- अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों के स्वागत तथा विशिष्ट अतिथियों के ठहरने के लिए किया जाएगा। दिल्ली सरकार के पास अभी अपना न कोई गेस्ट हाउस और न ही कल्चरल सेंटर है।
अनियमितताओं के चलते भाजपा ने इसे दिया था शीशमहल नाम
यह बंगला उस दौरान कराए गए पुनर्निर्माण में अनियमिताएं सामने आने के कारण चर्चा में रहा था। भाजपा ने इसे चुनावी मुद्दा बनाया था, जिसे शीशमहल नाम दिया था, गत दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान कई जगह भाजपा ने चुनावी रथ पर इसका माडल प्रदर्शित किया था।
सरकार का कहना है कि अपना स्टेट गेस्ट हाउस नहीं होने से विभिन्न राज्यों और देशों से आने वाले सरकारी प्रतिनिधिमंडलों तथा विशिष्ट अतिथियों के ठहरने के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं करनी पड़ती थीं। नए फैसले के बाद यह कमी दूर होगी और सरकारी मेहमानों के लिए एक स्थायी एवं आधुनिक सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।







