Home » दिल्ली बिल्डिंग हादसा : अब तक दो लोगों की मौत, तीन की हालत गंभीर, 8 लोगों का किया गया रेस्क्यू
दिल्ली-एनसीआर देश

दिल्ली बिल्डिंग हादसा : अब तक दो लोगों की मौत, तीन की हालत गंभीर, 8 लोगों का किया गया रेस्क्यू

नई दिल्ली।  साउथ दिल्ली के सत्य निकेतन में एक पांच मंजिला इमारत के ढहने से कई लोग मलबे में दब गए। दो लोगों की मौत की खबर है जबकि तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। अभी तक 8 लोगों का रेस्क्यू किया जा चुका है। घायलों में से 3 को एम्स ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। घटनास्थल पर रेस्क्यू का काम जारी है। बताया जा रहा है कि जो बिल्डिंग गिरी उसमें छात्रों का पीजी भी चलता था। आज रविवार को छुट्टी होने के चलते अधिकांश बच्चे पीजी में ही थे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का दौरा किया। इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर इस हादसे को लेकर दुख जताया। उन्होंने कहा कि सत्य निकेतन, आरके पुरम में बिल्डिंग गिरने की घटना से बहुत परेशान हूं। DDMA, NDRF, दिल्ली फायर सर्विसेज़, दिल्ली पुलिस, MCD, CATS और सिविल डिफेंस की टीमें युद्ध स्तर पर बचाव अभियान चला रही हैं। सावधानी के तौर पर पास की बिल्डिंग को खाली करा दिया गया है। फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बचाने और प्रभावित परिवारों को तुरंत मदद देने की हर मुमकिन कोशिश की जा रही है। हालात पर करीब से नज़र रखी जा रही है, और सभी संबंधित एजेंसियां ​​मिलकर काम कर रही हैं। हर नागरिक की सुरक्षा और भलाई हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक इस बिल्डिंग में एक बेसमेंट और पांच ऊपरी मंजिलें थीं और इसका इस्तेमाल पीजी (पेइंग गेस्ट) के तौर पर किया जा रहा था। जब बिल्डिंग गिरी, तब बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था। अब तक 8 लोगों को बचाया गया है और अस्पतालों में पहुंचाया गया है। खोज और बचाव अभियान जारी है।

Search