Home » पुरी रथ यात्रा : भारी भीड़ से भगदड़ जैसे हालात, एक श्रद्धालु की मौत, 120 लोग अस्पताल में भर्ती
देश

पुरी रथ यात्रा : भारी भीड़ से भगदड़ जैसे हालात, एक श्रद्धालु की मौत, 120 लोग अस्पताल में भर्ती

ओडिशा के पुरी में आयोजित विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान गुरुवार को भगदड़ जैसे हालात पैदा हो गए। इस घटना में करीब 120 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जमा होने के कारण ऐसे हालात हो गए।

स्थानीय ओडिशा टीवी के अनुसार रथ खींचने के दर्शन के लिए बड़ा डांडा (ग्रैंड रोड) पर भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। इसी दौरान एक श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे तुरंत पुरी जिला मुख्यालय अस्पताल (DHH) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना में प्रभावित अन्य श्रद्धालुओं को मौके पर मौजूद आपातकालीन टीमों और स्वास्थ्यकर्मियों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस और प्रशासन की टीमें स्थिति को नियंत्रित करने और हालात का जायजा लेने में जुटी हैं.

यह घटना उस समय हुई जब भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की वार्षिक गुंडिचा मंदिर यात्रा के दर्शन के लिए देशभर से लाखों श्रद्धालु पुरी पहुंचे थे। भारी बारिश के बावजूद रथ यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।

फिलहाल मृतक श्रद्धालु की पहचान और घटना के सटीक कारणों को लेकर प्रशासन की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।

Search

Archives