नई दिल्ली। ईडी ने भूषण स्टील लिमिटेड से जुड़े मनी लांड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कंपनी के पूर्व प्रमोटर नीरज सिंघल की पत्नी रितु सिंघल की 58.34 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियां अस्थायी रूप से कुर्क कर ली हैं।
ईडी ने गुरुवार को बताया कि यह कार्रवाई मनी लांड्रिंग निवारण अधिनियम के तहत 24 जून को जारी आदेश के आधार पर की गई। कुर्क की गई संपत्तियों में इंदौर स्थित भूमि और एक आवासीय संपत्ति का हिस्सा, रितु सिंघल के नाम पर मौजूद इक्विटी शेयर तथा बैंक खातों में जमा राशि शामिल है।
यह मामला कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय के तहत गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (एसएफआइओ) द्वारा भूषण स्टील, नीरज सिंघल और अन्य के खिलाफ दर्ज शिकायत से जुड़ा है।
ईडी के अनुसार, जांच में सामने आया कि नीरज सिंघल और उनके सहयोगियों ने वैध कारोबारी लेनदेन का दिखावा कर भूषण स्टील से धन का दुरुपयोग किया, जिससे बैंकों और अन्य वित्तीय संस्थानों को 11,446.73 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।







