Home » आग से झुलसी छात्रा का राष्ट्रपति मुर्मू ने जाना हाल, यौन उत्पीड़न से क्षुब्ध होकर लगाई थी आग
देश

आग से झुलसी छात्रा का राष्ट्रपति मुर्मू ने जाना हाल, यौन उत्पीड़न से क्षुब्ध होकर लगाई थी आग

भुवनेश्वर।  सोमवार को  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एम्स भुवनेश्वर के बर्न यूनिट का दौरा कर उस 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा के स्वास्थ्य की जानकारी ली, जिसने एक प्रोफेसर द्वारा कथित यौन उत्पीड़न और कॉलेज प्रशासन की चुप्पी से आहत होकर खुद को आग लगा ली थी।

राष्ट्रपति मुर्मू एम्स मेंआयोजित पांचवें दीक्षांत समारोह में भाग लेने पहुंची थीं। हालांकि, उनका बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी विभाग का दौरा पूर्वनिर्धारित नहीं था। बलासोर के फकीर मोहन (स्वायत्त) महाविद्यालय की इंटीग्रेटेड बी.एड द्वितीय वर्ष की छात्रा ने शनिवार को आत्मदाह कर लिया था। छात्रा ने आरोप लगाया था कि शिक्षा विभाग के अध्यक्ष ने उससे अनुचित मांग की थी, जिसे अस्वीकार करने के बाद उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

छात्रा को 95 प्रतिशत जलन के साथ पहले बलासोर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए एम्स भुवनेश्वर रेफर किया गया। एम्स भुवनेश्वर के कार्यकारी निदेशक डॉ. आशुतोष बिस्वास ने बताया, राष्ट्रपति ने छात्रा के इलाज और उसकी प्रतिक्रिया की जानकारी ली। उन्हें बताया गया कि उसे अत्याधुनिक इलाज दिया जा रहा है। उस समय छात्रा वेंटिलेटर पर थी।

राष्ट्रपति के साथ ओडिशा के राज्यपाल हरि बाबू कम्भंपति, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी मौजूद थे। राष्ट्रपति ने छात्रा के परिजनों से भी मुलाकात की। छात्रा के भाई ने कहा, राष्ट्रपति ने घटना पर चिंता जताई और भावुक हो गईं। उन्होंने हमसे कहा कि हमें भगवान जगन्नाथ से प्रार्थना करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब मेरी बहन ठीक हो जाएगी तो वे उसके लिए कुछ करेंगी।

घटना को लेकर कॉलेज प्रशासन पर भी गंभीर सवाल उठे हैं। छात्रा ने बताया था कि उसने विभागाध्यक्ष की शिकायत कॉलेज प्रिंसिपल से की थी, लेकिन 11 दिनों तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे क्षुब्ध होकर उसने आत्मदाह जैसा कदम उठाया। घटना के बाद शिक्षा विभागाध्यक्ष और कॉलेज प्रिंसिपल को निलंबित कर गिरफ्तार कर लिया गया है।

Search

Archives