Home » पुलिस कर्मी ने शादीशुदा प्रेमिका को मार डाला, शव को कार में घुमाता रहा, सैप्टिक टैंक में फेंकी लाश
देश

पुलिस कर्मी ने शादीशुदा प्रेमिका को मार डाला, शव को कार में घुमाता रहा, सैप्टिक टैंक में फेंकी लाश

नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस कर्मी ने शादीशुदा प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या कर दी। उसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए कार में रखकर घंटों घुमाता रहा। बाद में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग के सैप्टिक टैंक में शव को फेंक दिया। महाराष्ट्र पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

महाराष्ट्र के नागपुर में सस्पेंड चल रहे एक पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर विवाद के बाद विवाहित प्रेमिका की हत्या कर दी। फिर शव को निर्माणाधीन बिल्डिंग के पीछे बने सैप्टिक टैंक में फेंक दिया। इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी व्यक्ति को लेकर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की, बस इतना बताया कि वो शख्स पहले पुलिस में कार्यरत था।

क्लासमेट रह चुके हैं आरोपी और महिला

जानकारी के अनुसार, आरोपी नरेश उर्फ नरेंद्र पांडुरंग दाहुले (40) और मृतक महिला स्कूली पढ़ाई के दौरान सहपाठी थे, वहीं से इनके बीच जान पहचान थी। हालांकि लंबे समय बाद इस साल अगस्त में फेसबुक के माध्यम से दोनों एक-दूसरे के संपर्क में आए और फिर उनकी बातचीत शुरू हुई। जो जल्द ही एक रोमांटिक रिश्ते में तब्दील हो गई। दोनों भविष्य को लेकर सपने देखने लगे।

26 नवंबर की घटना

हालांकि 26 नवंबर को अपने भविष्य को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी। पुलिस के मुताबिक गुस्से में आकर दाहुले ने कथित तौर पर अपनी प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या कर दी। बता दें कि पीड़ित महिला की उम्र 40 साल थी और विवाहित थी।

शव को कार में रखकर घुमाता रहा आरोपी

महिला के शव को छुपाने के लिए व्यक्ति शव को कार में रखकर घंटों घुमाता रहा और फिर शव को बेलतरोड़ी पुलिस थाने की सीमा के अंतर्गत वेला हरि इलाके में एक बन रही इमारत के पीछे सेप्टिक टैंक में फेंक दिया।

चंद्रपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच में जुट गई है। पुलिस घटना की जांच के लिए आरोपी के फोन रिकॉर्ड से लेकर जहां शव को फेंका था, सब जगह की तहकीकात कर रही है।

Search

Archives