Home » पीएम मोदी ने हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, भारत हाइड्रोजन ट्रेन चलाने वाले पांच देशों की सूची में शामिल
देश

पीएम मोदी ने हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, भारत हाइड्रोजन ट्रेन चलाने वाले पांच देशों की सूची में शामिल

जींद। विकसित देशों के लिए चुनौती बना भारत शुक्रवार को हाइड्रोजन ट्रेन के नये युग में प्रवेश कर गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद रेलवे जंक्शन से देश की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन-पावर्ड ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच 89 किलोमीटर लंबे रूट पर अपनी सेवाएं देगी। इन दोनों शहरों के बीच 15 स्टेशन होंगे।
रेल मंत्री ने अपने आधिकारिक पोस्ट में लिखा कि स्वच्छ ऊर्जा और अत्याधुनिक तकनीक से संचालित भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन देश में हरित और टिकाऊ रेल परिवहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह पहल विश्वस्तरीय रेलवे अवसंरचना के विकास और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत ने हाइड्रोजन तकनीक के क्षेत्र में बड़ा संकल्प लिया है और इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। देश अब उन पांच देशों की सूची में शामिल हो गया है, जहां हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन का संचालन हो रहा है।

जींद में स्थापित हाइड्रोजन प्लांट में हाइड्रोजन से बिजली तैयार की जाती है, जिससे यह ट्रेन संचालित होती है। इस तकनीक की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इससे किसी प्रकार का धुआं या प्रदूषण नहीं फैलता। इसके उत्सर्जन के रूप में केवल पानी की बूंदें और जलवाष्प निकलती हैं, जिससे यह पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल तकनीक मानी जाती है।

Search

Archives