आंध्र प्रदेश के तट के पास बंगाल की खाड़ी में रविवार सुबह 4.5 तीव्रता का हल्का भूकंप आया। भूकंप के झटके विशाखापत्तनम शहर के कई हिस्सों में महसूस किए गए। हालांकि इस भूकंप में किसी के हताहत होने की कोई खबर सामने नहीं आई है।
इंडियन नेशनल सेंटर फॉर ओशन इंफॉर्मेशन सर्विसेज (INCOIS) के अनुसार, भूकंप सुबह 5:05:46 बजे (IST) 10 किलोमीटर की गहराई पर आया। इसका केंद्र बंगाल की खाड़ी में काकीनाडा तट से लगभग 225 किलोमीटर दूर, 16.805° उत्तरी अक्षांश और 84.381° पूर्वी देशांतर पर था।
एक विज्ञप्ति में कहा गया, “रविवार सुबह बंगाल की खाड़ी में रिक्टर पैमाने पर 4.5 तीव्रता का हल्का भूकंप आया और विशाखापत्तनम शहर के कई हिस्सों में हल्के झटके महसूस किए गए।” इसमें कहा गया है कि भूकंप के कारण किसी के हताहत होने, संपत्ति को नुकसान पहुंचने या किसी अन्य तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है। विज्ञप्ति में आगे कहा गया कि झटके हल्के थे और निवासियों के बीच घबराहट की कोई खबर नहीं मिली।







