किश्तवाड़। किश्तवाड़ के चिशोती कस्बे में बृहस्पतिवार को चार जगह बादल फटने से 60 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें अधिकतर मचैल माता के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु हैं। सीआईएसएफ के दो जवान भी बलिदान हुए हैं। बड़े पैमाने पर राहत और बचाव का काम जारी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को किश्तवाड़ त्रासदी को लेकर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से बात की और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री अब्दुल्ला और राज्यपाल सिन्हा से बात कर किश्तवाड़ की स्थिति का जायजा लिया।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट किया, “मुझे अभी-अभी प्रधानमंत्री मोदी का फोन आया। मैंने उन्हें किश्तवाड़ की स्थिति और प्रशासन द्वारा उठाए जा रहे कदमों के बारे में जानकारी दी। मेरी सरकार और बादल फटने से प्रभावित लोगों के समर्थन और केंद्र सरकार द्वारा प्रदान की गई सभी सहायता के लिए आभारी है।”
किश्तवाड़ जिले में बादल फटने से अब तक 60 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 100 से ज्यादा घायल हो गए। जम्मू-कश्मीर प्राधिकारियों के अनुसार बरामद किए गए शवों में से 21 की पहचान की जा चुकी है। अब तक 160 से अधिक घायलों को मलबे से बाहर निकाला गया है जिनमें से कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि और लोगों के फंसे होने व मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।







