छत्रपति संभाजीनगर। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां सोलापुर-धुले महामार्ग पर तिसगांव के आगे खवड्या डोंगर इलाके में तीन लोगों की मौत हो गई है।
बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति आत्महत्या करने के इरादे से पहाड़ी किनारे खड़ा था। करीब तीन घंटे तक वह पहाड़ी के किनारे खड़ा रहा और लोग उसे मनाने की कोशिश करते रहे। आखिर में युवक का पिता उसके पास पहुंचा और हाथ पकड़कर समझाने की कोशिश की लेकिन दोनों खाई में गिर गए। इसके थोड़ी ही देर बाद वहां मौजूद युवक की मां भी खाई में कूद गई, जिससे तीनों की मौत हो गई।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल से बनाया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें तीन लोगों को पहाड़ी से नीचे की तरफ गिरते हुए देखा जा सकता है। जानकारी के मुताबिक 18 वर्षीय युवक बार-बार कूदने की धमकी दे रहा था और वह पहाड़ी पर बिल्कुल किनारे खड़ा था। इस दौरान उसके माता-पिता और गांव के अन्य लोग उसे मनाने की कोशिश करते दिखे। आखिर में उसका पिता धीरे-धीरे उसके पास पहुंचा और उसका हाथ पकड़ लिया। हालांकि इसी दौरान युवक नीचे कूद गया, जिसके साथ उसका पिता भी नीचे चला गया। वहीं पर मौजूद युवक की मां ने भी खाई में कूदकर आत्महत्या कर ली। तीनों की मौत हो गई है।
मोबाइल की मांग कर रहा था बेटा
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 10 बजे कुणाल नए मोबाइल फोन की मांग को लेकर माता-पिता से बहस के बाद परेशान होकर पहाड़ी पर चढ़ गया। उसकी सुरक्षा को लेकर चिंतित मुरलीधर और संगीता उसे समझाने और घर वापस लाने के लिए पहाड़ी की चोटी पर उसके पीछे गए। हालात को देखते हुए स्थानीय ग्रामीण, पुलिसकर्मी और फायर ब्रिगेड के अधिकारी बचाव कार्य में मदद के लिए मौके पर जमा हो गए। फायर सर्विस के कर्मचारियों ने पहाड़ी के नीचे सुरक्षा जाल बिछाने की कोशिश की, लेकिन कुणाल चट्टान के किनारे अपनी जगह बदलता रहा, जिससे उनकी कोशिशें नाकाम रहीं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।







