इंदौर के बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में रामनवमी पर बड़ा हादसा हो गया। बावड़ी की छत धंसने से 25 से अधिक लोग उसमें गिर गए। पुलिस और श्रद्धालु ने रस्सियों से लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की। 18 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है। दो लोगों की मौत हो गई। कलेक्टर इलैया राजा टी ने मौत की पुष्टि की है। कुछ लोगों के और फंसे होने की आशंका है। 40 फीट गहरी बावड़ी में चार से पांच फीट पानी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सपना संगीता रोड स्थित स्नेह नगर में हवन के दौरान हादसा हुआ। 25 से ज्यादा लोग बावड़ी की छत पर बैठे थे। तभी ज्यादा वजन होने की वजह से उसकी छत टूट गई और लोग नीचे गिर गए। चंद्रप्रकाश गोयल ने बताया कि गिरने वालों में बच्चे और महिलाएं भी हैं। यह मंदिर करीब 60 साल पुराना है। कन्या पूजन का कार्यक्रम था, इसलिए मंदिर में भीड़ ज्यादा थी।
पीएम ने सीएम को फोन कर जाने हालात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि इंदौर में हुए हादसे से बेहद आहत हूं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से बात कर स्थिति की जानकारी ली। राज्य सरकार बचाव और राहत कार्य में तेजी से आगे बढ़ रही है।







