Home » वर्ष 2000 में शादी से लौट रहा पूरा परिवार कार सहित भाखड़ा में गिरा था, अब निकाली गई गाड़ी
देश

वर्ष 2000 में शादी से लौट रहा पूरा परिवार कार सहित भाखड़ा में गिरा था, अब निकाली गई गाड़ी

रूपनगर। रोपड़ में भाखड़ा नहर से करीब 26 साल बाद एक मारुति ओमनी वैन बरामद की गई है। यह वही वैन है जो वर्ष 2000 में कीरतपुर साहिब क्षेत्र के गांव कोटला के एक परिवार के चार सदस्यों समेत नहर में समा गई थी। हादसे के बाद महीनों तक तलाश चली थी, लेकिन न तो शव मिले थे और न ही वाहन का कोई पता चल पाया था।

जानकारी के अनुसार, अक्टूबर 2000 में गांव कोटला निवासी एक परिवार शादी समारोह से लौट रहा था। वैन में तीन वयस्क और एक आठ वर्षीय बच्चा सवार था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर भाखड़ा नहर में गिर गया। गोताखोरों और स्थानीय लोगों ने करीब एक महीने तक तलाश अभियान चलाया लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

हाल ही में इलाके के समाजसेवी और गोताखोर कमलप्रीत सैनी एक अन्य व्यक्ति के शव की तलाश में भाखड़ा नहर में उतरे थे। इसी दौरान उन्हें नहर की गहराई में एक वाहन दिखाई दिया। उन्होंने वाहन को रस्सियों से बांध दिया और बाद में स्थानीय लोगों तथा ट्रैक्टर की मदद से उसे बाहर निकाला गया।
वैन की छत हो चुकी थी क्षतिग्रस्त :  वैन का पिछला हिस्सा और छत जंग लगने के कारण पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं जबकि अगला हिस्सा कुछ हद तक सुरक्षित मिला। दावा किया जा रहा है कि  वाहन के अगले हिस्से से मानव कंकाल के कुछ अवशेष और एक कमीज भी मिली है जो संभवतः मृत बच्चे की हो सकती है।
बरामद वस्तुएं परिवार को सौंप दी गई हैं।  26 साल बाद वैन के बाहर आने से गांव में पुराने हादसे की यादें फिर ताजा हो गई हैं।

Search

Archives