ऑपरेशन सिंदूर से बौखलाए पाकिस्तान ने बीती रात भारत के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की, जिसे भारतीय सेनाओं ने पूरी तरह नाकाम कर दिया।
लड़ाकू विमानों, ड्रोन, रॉकेट व मिसाइलों के जरिए पाकिस्तान ने गुरुवार रात 8 से 10 बजे के बीच जम्मू, पठानकोट, फिरोजपुर, कपूरथला, जालंधर व जैसलमेर के सैन्य ठिकानों और आयुध केंद्रों पर हमला किया। भारत ने जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के हमले को नाकाम कर दिया और उसके रडार सिस्टम को तबाह कर दिया।
साउथ ब्लॉक में राजनाथ सिंह कर रहे सुरक्षा बैठक- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह साउथ ब्लॉक में CDS जनरल अनिल चौहान, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी, सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह और रक्षा सचिव आरके सिंह के साथ स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सीमा की स्थिति और हवाईअड्डों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए बीएसएफ के महानिदेशक, सीआईएसएफ के महानिदेशक और गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दोपहर बैठक करेंगे।







