हिसार अदालत परिसर में गुरूवार दोपहर करीब पौने तीन बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर थुराना गांव निवासी गैंगस्टर विनोद काणा की हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई।
हिसार। हिसार अदालत परिसर के मुख्य गेट के सामने गुरूवार दोपहर करीब पौने तीन बजे उस समय भारी दहशत फैल गई, जब दो हथियारबंद हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर थुराना गांव निवासी गैंगस्टर विनोद काणा की हत्या कर दी। इस गोलीबारी में एक अन्य व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए नजदीकी निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। वारदात के बाद मौके पर मौजूद पुलिस व लोगों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो में से एक हमलावर को मौके पर ही दबोच लिया।
एक हमलावर काबू, दूसरे की तलाश
वारदात को अंजाम देने वाले हमलावरों की संख्या दो बताई जा रही है। इनमें से एक हमलावर को पुलिस ने मौके पर ही हिरासत में ले लिया है, जबकि दूसरे की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। प्राथमिक जांच में हमलावर कुख्यात पानू गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं। आपसी गैंगवार और पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका है।







