कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य अहमद हसन नदीमुल हक की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार सुबह सांसद से जुड़े कोलकाता, दिल्ली और रांची स्थित करीब आठ ठिकानों पर एक साथ छापामारी कर रही है। केंद्रीय जांच एजेंसी के सूत्रों के मुताबिक, यह पूरी कार्रवाई एक समाचार पत्र से जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं और मनी लांड्रिंग के मामले में की जा रही है।
सांसद नदीमुल हक एक प्रमुख समाचार पत्र से प्रत्यक्ष रूप से जुड़े रहे हैं, जिसके खिलाफ बीते अगस्त में बड़े स्तर पर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज की गई थी। सोमवार सुबह तड़क़े ईडी की टीमों ने कोलकाता के पार्क सर्कस इलाके में स्थित सांसद के आवास और कार्यालय पर दबिश दी। इसके साथ ही महानगर में दो अन्य स्थानों पर भी तलाशी अभियान जारी है। वहीं, राजधानी दिल्ली में सांसद से संबंधित चार परिसरों और झारखंड की राजधानी रांची में भी ईडी अधिकारियों की टीम दस्तावेज खंगाल रही है। हालांकि, इस तलाशी अभियान और जब्ती को लेकर प्रवर्तन निदेशालय की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। केंद्रीय बलों की कड़ी सुरक्षा के बीच सभी ठिकानों पर जांच की प्रक्रिया तेजी से चल रही है।







