Home » खाई में गिरी वैन का चालक गिरफ्तार, गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज, दुर्घटना में 10 महिला श्रद्धालुओं की हो गई थी मौत
देश

खाई में गिरी वैन का चालक गिरफ्तार, गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज, दुर्घटना में 10 महिला श्रद्धालुओं की हो गई थी मौत

पुणे। महाराष्ट्र के पुणे जिले में सोमवार को खाई में गिरी एक वैन के चालक को गिरफ्तार कर पुलिस ने उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि इस दुर्घटना में 10 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी। पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि वैन चालक ऋषिकेश करांडे के खिलाफ गैर इरादतन हत्या, दूसरों की जान को खतरे में डालने वाले कृत्य को अंजाम देने और अवैध परिवहन में शामिल होने का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि सोमवार दोपहर यात्रियों से भरी एक पिकअप वैन पहाड़ी इलाके की एक खाई में गिर गई थी।

सोमवार को घाटी क्षेत्र में एक पिकअप वैन के खाई में गिर जाने से  दस महिलाओं की मौत हो गई थी और 30 अन्य लोग घायल हो गए थे ।  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जानमाल के नुकसान पर शोक व्यक्त किया और प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। पिकअप वैन में करीब 40 यात्री सवार थे, जिनमें ज्यादातर महिलाएं और बच्चे थे।

अधिकारी ने बताया, ‘‘दुर्घटना में 10 महिलाओं की मौत हो गई और 30 अन्य लोग घायल हो गए हैं।  घटनास्थल पर कई एम्बुलेंस भेजी गईं और घायलों को पास के अस्पतालों में पहुंचाया गया है। ” पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान मंडाबाई दारेकर (50), संजाबाई दारेकर (50), मीराबाई चोरघे (50), शोभा पापल (33), सुमन पापल (30), शकुबाई चोरघे (50), शारदा चोरघे (45), बैदाबाई दारेकर (45), पार्वती पापल (56) और फासाबाई सावंत (61) के रूप में हुई है. ये सभी खेड तहसील के पापलवाड़ी गांव की निवासी थीं।

सीएम फडणवीस ने किया मुआवजे का ऐलान – मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की।  फडणवीस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं. मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। ‘ उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा कि उन्होंने स्थानीय प्रशासन को घायलों को सभी आवश्यक चिकित्सा सहायता निःशुल्क प्रदान करने का निर्देश दिया है।

Search

Archives