Karnataka CM Oath Ceremony : कर्नाटक में आज डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। डीके शिवकुमार का शपथ ग्रहण समारोह शाम 4 बजे लोकभवन में होगा। कार्यक्रम में कई वीवीआईपी मेहमानों के भी शामिल होने की उम्मीद है। शपथ ग्रहण कार्यक्रम को देखते हुए बंगलूरू प्रशासन ने कई जगहों पर ट्रैफिक डायवर्जन किया है और लोकभवन के आसपास खास इंतजाम किए गए हैं।
शपथ ग्रहण समारोह के मौके पर केरल के मंत्री रमेश चेन्निथला ने उन्हें एक सक्षम नेता बताते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में कर्नाटक विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। चेन्निथला ने कहा कि सरकार चलाना एक सामूहिक प्रयास है और डीके शिवकुमार के पास प्रशासनिक क्षमता व अनुभव दोनों हैं।
उन्होंने कहा कि वह पिछले 40 वर्षों से शिवकुमार को जानते हैं और उन्हें भरोसा है कि वह राज्य की जनता को अच्छी सरकार देंगे। चेन्निथला ने यह भी कहा कि दो साल का समय पर्याप्त है और इस अवधि में शिवकुमार अपनी कार्यशैली और नीतियों का प्रभाव दिखा सकते हैं। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि कांग्रेस भविष्य में भी जनता का समर्थन हासिल करेगी।
कर्नाटक में डीके शिवकुमार के साथ कितने मंत्री लेंगे शपथ? : कर्नाटक में डीके शिवकुमार के नेतृत्व वाली नई कांग्रेस सरकार की कैबिनेट में 14 मंत्री शामिल होंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के बेटे यतींद्र सिद्धारमैया को भी मंत्रिमंडल में जगह दी गई है।
सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस के वरिष्ठ दलित नेता जी परमेश्वर को उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा। परमेश्वर निवर्तमान सिद्धारमैया सरकार में गृह मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और राज्य में कांग्रेस के प्रमुख दलित चेहरों में गिने जाते हैं। नई सरकार के गठन के साथ ही क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने पर पार्टी का विशेष जोर दिखाई दे रहा है।







