पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पहली कैबिनेट बैठक की। इस दौरान उन्होंने राज्य में केंद्र की प्रमुख स्वास्थ्य योजना आयुष्मान भारत को लागू करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा, ‘ बंगाल में आयुष्मान भारत योजना शुरू होगी। जन आरोग्य योजना के साथ ही केंद्र की अन्य योजनाएं भी यहां लागू की जाएंगी।’ आगे कहा कि मैं सभी मतदाताओं, चुनाव आयोग (ईसी), केंद्रीय बलों, पुलिस, पर्यवेक्षकों और सभी राजनीतिक दलों के प्रति आभार व्यक्त करता हूं। इसके साथ ही हमारे संघर्ष के दौरान अपनी जान गंवाने वाले 321 व्यक्तियों के संबंध में कहा कि यदि उनके परिवार चाहें, तो सरकार जांच शुरू करेगी।
इसके साथ ही कहा ‘सीमा सुरक्षा के उद्देश्य से सीमावर्ती क्षेत्रों में भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया आज से शुरू हो रही है। हमारा लक्ष्य इस हस्तांतरण प्रक्रिया को 45 दिनों के भीतर पूरा करना है।’
क्या है आयुष्मान भारत योजना? : केंद्र सरकार ने इस योजना की शुरुआत साल 2018 में की थी। इस योजना का नाम अब बदलकर प्रधानमंत्री जन-आरोग्य योजना (PMJAY) कर दिया गया है। इस योजना के तहत सरकार पात्र परिवारों को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा देती है। योजना के पात्र परिवारों को आयुष्मान गोल्डन कार्ड दिया जाता है। इस कार्ड को दिखाकर पात्र व्यक्ति सूचीबद्ध अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक का फ्री इलाज करा सकता है।







