Home » बंगाल में BJP विधायक दल की बैठक आज, CM के नाम पर लगेगी मुहर
देश

बंगाल में BJP विधायक दल की बैठक आज, CM के नाम पर लगेगी मुहर

पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन की प्रकिया आज शुक्रवार को शुरू हो रही है। आज कोलकाता में दोपहर 2 बजे बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बतौर पर्यवेक्षक इस बैठक में मौजूद रहेंगे। ओडिशा के सीएम मोहन माझी सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। दोनों नेता पश्चिम बंगाल के बीजेपी विधायकों का मन टटोलेंगे। इस बैठक में विधायक दल के नेता का चुनाव किया जाएगा। विधायक दल के नेता के चुनाव के बाद बीजेपी नेता राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

इसके बाद, कल यानी 9 मई को शपथ ग्रहण समारोह होगा। बीजेपी ने शपथ ग्रहण को भव्य बनाने की तैयारी की है। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के साथ कई केंद्रीय मंत्री भी मौजूद रहेंगे। साथ ही, 20 राज्यों के सीएम भी इस शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने वाले हैं।

वहीं, तमिलनाडु में भी सरकार गठन पर सस्पेंस आज खत्म हो सकता है। जोसेफ विजय चंद्रशेखर की पार्टी TVK के नेताओं ने CPI और CPM से मुलाकात की है। इसके बाद, आज CPI और CPM आज बैठक कर विजय को समर्थन देने का ऐलान कर सकते हैं। विजय के पास अपनी पार्टी और कांग्रेस मिलाकर 112 विधायकों का समर्थन है। उन्हें 6 विधायकों की जरूरत है। लेफ्ट के पास चार विधायक हैं।

विजय को VCK भी समर्थन दे सकती है। हालांकि, VCK नेता एसएस बालाजी ने कहा है कि उनकी पार्टी ने अभी TVK को समर्थन देने पर कोई फैसला नहीं लिया है। उनकी पार्टी तभी समर्थन पर विचार करेगी, जब TVK यह भरोसा दिलाए कि वह BJP या RSS के दबाव में नहीं आएगी। एसएस बालाजी ने साथ ही कहा कि राज्यपाल को TVK चीफ विजय को सरकार बनाने के लिए बुलाना चाहिए।

केरल में भी कांग्रेस नेताओं के बीच मुख्यमंत्री पद को लेकर खींचतान चल रही है। AICC पर्यवेक्षक मुकुल वासनिक और अजय माकन ने बीते गुरुवार यहां कांग्रेस विधायकों से मुलाकात की थी और केरल के नए मुख्यमंत्री के बारे में उनके विचार जाने थे।

Search