नई दिल्ली। नासा ने 53 साल बाद इंसानों को चांद पर भेजने के लिए अपने महत्वकांक्षी आर्टेमिस-II मिशन का काउंटडाउन शुरू कर दिया है। यह मिशन मानव अंतरिक्ष उड़ान के लिए नए युग की शुरुआत माना जा रहा है।
32-मंजिला स्पेस लॉन्च सिस्टम रॉकेट बुधवार शाम को चार अंतरिक्ष यात्रियों के साथ उड़ान भरने के लिए तैयार है। पृथ्वी की कक्षा में एक दिन बिताने के बाद, उनका ओरियन कैप्सूल उन्हें चांद तक ले जाएगा और वापस लाएगा। बीच में कोई पड़ाव नहीं है। बस चांद के चारों ओर एक तेज यू-टर्न। लगभग 10 दिन की यह उड़ान प्रशांत महासागर में उतरने के साथ खत्म होगी।
लॉन्च डायरेक्टर चार्ली ब्लैकवेल-थॉम्पसन ने कहा, “हमारी टीम ने हमें इस पल तक पहुंचाने के लिए बहुत कड़ी मेहनत की है। निश्चित रूप से, अभी सभी संकेत बता रहे हैं कि हम बहुत ही बेहतरीन स्थिति में हैं।” मैनेजरों ने बताया कि मरम्मत के हालिया दौर के बाद रॉकेट ठीक काम कर रहा है। मौसम विभाग ने कहा कि मौसम भी साथ देगा।







