जम्मू। अमरनाथ यात्रा 2026 को सुरक्षित बनाने के लिए रेलवे पुलिस जम्मू ने जम्मू रेलवे स्टेशन और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बेहद कड़ी कर दी है। इसी के तहत जीआरपी जम्मू ने आज स्टेशन पर एक विशेष निवारक जांच अभियान चलाया। इस दौरान स्टेशन परिसर में 14 लोग संदिग्ध हालत में घूमते मिले।
जब पुलिस ने इन लोगों से पूछताछ की तो ये स्टेशन पर रुकने की कोई ठोस वजह नहीं बता पाए और न ही संतोषजनक जवाब दे सके। इसके बाद जीआरपी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी 14 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया और गहन जांच शुरू की। जांच के बाद पांच आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत निवारक शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक यह धारा तब लगाई जाती है जब किसी व्यक्ति से शांति भंग होने का खतरा हो।
24 घंटे निगरानी, सादे कपड़ों में भी पुलिस : सभी 14 आरोपियों को आज ही कार्यकारी मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, राख बाहु, जम्मू के समक्ष पेश किया गया, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जीआरपी अधिकारी अब इन लोगों की पहचान और पृष्ठभूमि की बारीकी से जांच कर रहे हैं ताकि पता चल सके कि इनका कोई आपराधिक नेटवर्क से कनेक्शन तो नहीं है।
जीआरपी जम्मू के वरिष्ठ अधिकारियों ने साफ कहा है कि SANJY-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसके लिए रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म, यात्री विश्राम स्थलों और आसपास के इलाकों में 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
जम्मू रेलवे स्टेशन अमरनाथ यात्रा का प्रमुख प्रवेश द्वार है। यहां से हजारों श्रद्धालु हर दिन बेस कैंप के लिए निकलते हैं। ऐसे में यहां सुरक्षा में जरा सी चूक भी पूरे यात्रा प्रबंधन को बिगाड़ सकती है। इसीलिए रेलवे पुलिस, जिला पुलिस और दूसरी सुरक्षा एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं। सभी को सतर्क रहने और तुरंत एक्शन लेने के निर्देश दिए गए हैं।







