इंदौर । कथावाचक आचार्य अनिरुद्धाचार्य महाराज को धमकी भरा पत्र मिला है। पत्र में लिखा है कि अगर एक करोड़ रुपये नहीं दिए तो जान से मार देंगे और वृंदावन के उनके परिक्रमा स्थल स्थित आश्रम को बम से उड़ा देंगे। धमकी मिलने की शिकायत महाराज की तरफ से वृंदावन कोतवाली में की गई है। बताया जा रहा कि पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा 507 का मुकदमा दर्ज किया।
पत्र में लिखा है कि पत्र मिल जाए तो राधे लिखना और रुपये का इंतजाम हो जाए तो गेट पर राधे कृष्ण लिख देना। हमारे पांच लोग हथियारों के साथ परिवार के सदस्यों की निगरानी कर रहे हैं। आपको मारना कोई बड़ी बात नही है। आपके पंडाल में 40-50 लोगों की मौत हो जाएगी तो पूरे भारत में आपका नाम मिट्टी में मिल जाएगा। पत्र लिखने वाले का नाम व पता मुंबई-महाराष्ट्र का है। महाराज 1 अप्रैल से विधायक रमेश मेंदोला द्वारा विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 2 के परदेशीपुरा क्षेत्र में भागवत कथा कर रहे हैं। इसमे हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।
पत्र बुधवार को महाराज के गौरी गोपाल आश्रम वृंदावन में मिला है। यह जमीन पर पड़ा था, जिसे एक कर्मचारी ने उठाया। पत्र में लिखा है कि हम तुम्हे बर्बाद कर देंगे। हम नहीं चाहते कि आपके माता-पिता, गुरु, बेटा या आपके ऊपर मौत की मुहर लगे। इस बात की जानकारी महाराज ने बुधवार रात आरती के बाद इंदौर के श्रद्धालुओं को दी। इस पर महाराज का कहना है कि इस तरह की धमकी उन्हें पहले भी मिल चुकी है। उन्होंने इसकी जांच कर उचित कारवाई की मांग की है।







