Home » जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर हादसा, पहाड़ी से गिरे बोल्डर की चपेट में आने से पूर्व सरपंच की मौत
देश

जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर हादसा, पहाड़ी से गिरे बोल्डर की चपेट में आने से पूर्व सरपंच की मौत

रामबन। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। रामबन जिले में त्रिशूल मोड़ के पास पहाड़ी से अचानक गिरे एक बड़े बोल्डर की चपेट में आने से कार सवार पूर्व सरपंच की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान रामबन जिले के सेरी निवासी मोहम्मद इकबाल तांत्रे के रूप में हुई है। वह क्षेत्र के पूर्व सरपंच रह चुके थे। जानकारी के मुताबिक, वह किसी व्यक्ति को छोडऩे के लिए रामबन गए थे और वहां से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर त्रिशूल मोड़ के पास यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार जैसे ही त्रिशूल मोड़ के पास पहुंची, उसी समय पहाड़ी से अचानक एक बड़ा पत्थर लुढक़ता हुआ नीचे आ गया।

इससे पहले कि चालक कुछ समझ पाता, बोल्डर सीधे कार पर जा गिरा। बोल्डर के गिरने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पत्थर कार में बैठे मोहम्मद इकबाल तांत्रे के सिर पर लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई और पुलिस को इसकी सूचना दी। स्थानीय लोगों और पुलिस की सहायता से घायल मोहम्मद इकबाल को तत्काल जिला अस्पताल रामबन पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने जांच के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Search

Archives