Home » फार्च्यूनर दिलाने का झांसा : वृंदावन के कथावाचक से 23 लाख की ठगी, शातिर ठग गिरफ्तार
मध्यप्रदेश

फार्च्यूनर दिलाने का झांसा : वृंदावन के कथावाचक से 23 लाख की ठगी, शातिर ठग गिरफ्तार

ग्वालियर। वृंदावन के कथावाचक स्वामी धन्वंतरि दास के साथ 23 लाख रुपये की ठगी हुई है। ग्वालियर के सिटी सेंटर स्थित एनजी क्राउन अपार्टमेंट में रहने वाले संजय त्रिपाठी उर्फ रामेश्वरदास ने उन्हें फार्च्यूनर कार दिलाने का झांसा देकर यह ठगी की। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित कथावाचक के संपर्क में कई सालों से था। रुपये लेने के बाद भी उसने कार तो दिलाई नहीं, उल्टा कथावाचक को धमकाने लगा था।

जानकारी के अनुसार वृंदावन में वंशीवट स्थित धीर-समीर परिक्रमा मार्ग पर निर्मोही अखाड़ा निवासी कथावाचक स्वामी धन्वंतरि दास को गाड़ी चाहिए थी। संजय त्रिपाठी उनके पास अक्सर आता-जाता था। उसने कहा कि एक एसडीएम उसके दोस्त हैं, जो अपनी फार्च्यूनर कार बेच रहे हैं। 50 लाख रुपये कीमत की गाड़ी महज 35 लाख रुपये में मिल जाएगी। गाड़ी के फोटो भेजे, जिसके बाद कथावाचक ने मई 2025 में 11 लाख रुपये नकद और 12 लाख रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर किए। शेष 12 लाख रुपये गाड़ी की डिलीवरी पर देना तय हुआ।

करीब एक महीने तक गाड़ी नहीं मिली तो कथावाचक ने संजय से संपर्क किया, लेकिन वह टाल-मटोल करने लगा। जिसके बाद कथावाचक ने रुपये वापस मांगे। इस पर संजय उन्हें धमकाने लगा। कथावाचक ने मामले की शिकायत पुलिस से की। उन्होंने बताया कि उनके पास संजय की कॉल रिकार्डिंग है, जिसमें वह रुपये लेना स्वीकार कर रहा है। बैंक स्टेटमेंट भी है। यूनिवर्सिटी थाना पुलिस ने जांच के बाद एफआईआर दर्ज कर संजय को गिरफ्तार कर लिया है।

 

Search

Archives