इंदौर। खरगोन जिले के बिस्टान बन्हेर मार्ग पर बुधवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बन्हेर की ओर से आ रही एक चलती मारुति वैन में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा। घटना शाम करीब सवा पांच बजे की है।
जलती वैन को देखकर आसपास के व्यापारी घबरा गए और अपने प्रतिष्ठानों के शटर गिराकर दूर भाग खड़े हुए। अफरा-तफरी के बीच हैरानी की बात यह रही कि कई लोग जान जोखिम में डालकर आग की लपटों के बीच खड़े होकर वीडियो बनाते नजर आए।
आग लगने के बावजूद सड़क पर दोनों ओर से यातायात चालू रहा। यहां तक कि एक यात्री वाहन भी जलती वैन के बेहद पास से गुजर गया, लेकिन उसे रोकने वाला कोई नहीं था। नगरवासी मौके पर पुलिस और दमकल वाहन के पहुंचने का इंतजार करते रहे।
करीब आधी वैन जल जाने के बाद पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस के अनुसार, मारुति वैन (क्रमांक एमपी 09 बीसी 4938) में तीन युवक सवार थे। आग लगते ही तीनों ने वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई और मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस वाहन चालक और मालिक की पहचान में जुटी है, वहीं आग लगने के कारणों की भी जांच की जा रही है।







