Home » हरिद्वार से गंगा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं का वाहन कंटेनर से टकराया, दो की मौत, 15 घायल
मध्यप्रदेश

हरिद्वार से गंगा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं का वाहन कंटेनर से टकराया, दो की मौत, 15 घायल

शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 15 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। हादसा कोलारस थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 46 पर मंगलवार को दोपहर बाद 4ः30 बजे हुआ है।

घायलों में पांच श्रद्धालुओं की हालत गंभीर है, जिन्हें अस्पताल लाया गया है। घायलों में महिला समेत बच्चे भी हैं। बताया गया है कि जिला चिकित्सालय में भर्ती कराए गए गंभीर हालत के कुछ तीर्थ यात्रियों को मेडिकल कॉलेज शिवपुरी रेफर किया है।

जानकारी के अनुसार उत्तराखंड के हरिद्वार से गंगा स्नान कर लौट रही तीर्थ यात्रियों से भरी एक टेंपो ट्रेक्स गाड़ी रोड पर खड़े कंटेनर से टकरा गई। वाहन की रफ्तार तेज थी, जिससे टक्कर जोरदार थी। कोलारस थाना क्षेत्र के सांवरिया पेट्रोल पंप के पास परोरा चौराहा से सेसई के बीच सड़क पर खड़े कंटेनर के पीछे वाहन की टक्कर हुई है।

कोलारस ने एंबुलेंस की मदद से किया घायलों को रेस्क्यू

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय कोलारस पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायल श्रद्धालुओं को कोलारस के अस्पताल में भर्ती कराया, वहां से गंभीर लोगों को जयपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।

सभी घायल राजस्थान के हैं रहने वाले

सड़क हादसे का शिकार हुए श्रद्धालु राजस्थान के गढ़िया हॉट के रहने वाले हैं और गया जी के बाद हरिद्वार होते हुए वह वापस शिवपुरी के रास्ते राजस्थान जा रहे थे। टेंपो ट्रैक्स गाड़ी में कुल 17 तीर्थ यात्री शामिल थे, जिनमें दो की मौत हो गई. बाकी घायल हैं।

Search

Archives