शहडोल। जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के मऊ गांव में दो मासूम की मौत फूड प्वाइजनिंग के कारण हो गया। मिठाई खाने के बाद उल्टी-दस्त की गंभीर शिकायत के चलते 3 वर्षीय दिव्या सोधिया और 11 वर्षीय हंसनी कहार की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि दोनों बच्चियों की मौत मिठाई खाने से फूड प्वाइजनिंग के कारण हुई। जानकारी के अनुसार रक्षाबंधन का त्यौहार मनाने दिव्या के परिवार ने चुंगी नाका स्थित अमन डेयरी एंड स्वीट सेंटर से मिठाई खरीदी थी, जबकि हंसनी के परिवार ने गोविंदगढ़ के बाबा होटल एंड स्वीट्स भंडार से मिठाई ली थी। मिठाई खाने के कुछ घंटों बाद ही दोनों बच्चियों की तबीयत बिगड़ने लगी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम और जांच शुरू- हंसनी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जबकि दिव्या के परिजन उनके शव को सतना जिले के उनके गृहग्राम ले गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। घटना की गंभीरता को देखते हुए खाद्य एवं औषधि विभाग ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है।अधिकारियों ने दोनों परिवारों के घरों से मिठाई के डिब्बे और अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल जब्त किए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के बाद ही फूड प्वाइजनिंग के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।







