अनूपपुर। जिले में गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कोतमा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर सलीम ढाबा के पास तेज रफ्तार कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल और मृतक छत्तीसगढ़ के निवासी
जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली में डीजल से भरे चार ड्रम लदे हुए थे और वह आगे चल रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज गति की कार (क्रमांक सीजी 07 एम 1454) सीधे ट्रॉली में घुस गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खेत में जा उतरी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार शहडोल से मनेंद्रगढ़ की ओर जा रही थी। दुर्घटना में चालक 40 वर्शीय दुलारे शर्मा और गीता पनिका की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 64 वर्शीय हरिशंकर चतुर्वेदी और 33 वर्षीय मीना देवांगन गंभीर रूप् से घायल हो गए। सभी घायलों और मृतकों को मनेंद्रगढ़ (छत्तीसगढ़) का निवासी बताया जा रहा है।
मामले की जांच की जा रही
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल अनूपपुर रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा और दोनों ओर जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू कराया। फिलहाल पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।







