शहडोल। नहाने गए तीन भाइयों की नाले में डूबने से मौत हो गई है। घटना जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र के रोहनिया गांव की है। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया है। जानकारी लगने के बाद मौके पर थाना प्रभारी टीम के साथ पहुंचे और मामले की जांच कर रहे हैं। तीनों भाई स्कूल से आने के बाद नाले में नहाने गए थे, जिसमें डूबने से तीनों की मौत हो गई है।
जानकारी देते हुए सोहागपुर पुलिस ने बताया कि थाना क्षेत्र के रोहनिया के केरहाई टोला में यह घटना मंगलवार शाम 6 बजे घटी है। पुलिस के अनुसार मृतकों में दो सगे भाई एवं एक रिश्ते का एक भाई शामिल है। थाना प्रभारी ने तीनों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि इस घटना में साहिल पिता ब्रजेश यादव (09), शौर्य पिता ब्रजेश यादव (7), शिवम पिता शिवलाल यादव (10) शामिल हैं। तीनों निवासी ग्राम रोहनिया केरहाई टोला थाना सोहागपुर के रहने वाले थे।
पुलिस ने बताया कि तीनों बालक स्कूल से घर वापस लौटे थे, उस दौरान उनके माता-पिता खेत में काम कर रहे थे, इसी बीच बच्चों ने समीप स्थित स्थानीय नाले में तीनों नहाने चले गए। उस दौरान गांव का ही एक और बच्चा वहां पहले से मौजूद था। ये तीनों जब गहरे पानी में नहा रहे थे, तो पहले से मौजूद बालक ने उन्हें नहाने से मना किया, लेकिन तीनों भाइयों ने उसकी बात नहीं मानी और नहाते-नहाते गहरे पानी में चले गए। डूबने से तीनों की मौत हो गई है।
पहले से मौजूद बालक ने उन्हें डूबता देखा गांव में आकर इसकी जानकारी दी। जिसके बाद गांव के लोग मौके पर पहुंचे तो तीनों डूब चुके थे। मामले की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों भाइयों के शव को नाले से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में ले लिया है। घटना के बाद से ही गांव में मातम पसरा है। थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे ने बताया कि मामले पर मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। जिन तीनों की मौत हुई है उसमें दो सगे भाई एवं एक रिश्ते का भाई शामिल है।







