Home » हाईकोर्ट में सुनवाई के बीच बजा फोन, अधिवक्ता पर भड़के जस्टिस फड़के, रोकी सुनवाई
देश मध्यप्रदेश

हाईकोर्ट में सुनवाई के बीच बजा फोन, अधिवक्ता पर भड़के जस्टिस फड़के, रोकी सुनवाई

ग्वालियर। हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ के जस्टिस मिलिंद रमेश फड़के अचानक कोर्ट रूम से सुनवाई छोड़ कर चले गए। बता दें कि कोर्ट रूम में सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट बार के पदाधिकारी अधिवक्ता का फोन बजने लगा। जिसके बाद जस्टिस फड़के नाराज हो गए और अधिवक्ता का फोन जब्त करवा लिया। इसके बाद ही एक और अधिवक्ता का फोन बजने लगा, जिसके बाद जस्टिस कोर्ट रूम से बाहर चले गए।

दरअसल, हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ के जस्टिस मिलिंद रमेश फड़के रोजाना की तरह अपने कोर्ट रूम में मामलों की सुनवाई कर रहे थे। इस दौरान सब कुछ सामान्य चल रहा था कि इसी बीच कोर्ट रूम में बैठे हाईकोर्ट बार के पदाधिकारी अधिवक्ता का फोन बज उठा। बीच सुनवाई में फोन बजने से अवरोध पैदा हुआ जिस पर नाराजगी जताते हुए जस्टिस फड़के ने संबंधित अधिवक्ता का मोबाइल फोन जब्त करवा लिया।

ऐसा होने के कुछ समय के अंदर ही कोर्ट रूम में मौजूद किसी अन्य अधिवक्ता का भी फोन बजने लगा, जिसके बाद उस अधिवक्ता ने अपना फोन जमा किए जाने की बात करते हुए कहा कि ‘बार के पदाधिकारी का फोन बजा तो उसे जमा करवा लिया गया, तो अब मेरा भी फोन बज गया है, इसे भी जमा करवाएं।’ कोर्टरूम में इस प्रकार का माहौल देखकर जस्टिस फड़के काफी नाराज हुए और कोर्ट रूम से उठकर चले गए और काफी देर बाद वापस आकर मामलों की सुनवाई शुरू की। इसके बाद शाम साढ़े पांच बजे तक दोनों अधिवक्ताओं के फोन कोर्ट में जमा रहे।

Search

Archives