जबलपुर। जबलपुर-रीवा शटल एक्सप्रेस में शुक्रवार सुबह तकनीकी गड़बड़ी के कारण यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। उचेहरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के एक कोच के पहिए से अचानक धुआं उठता देख यात्रियों में हड़कंप मच गया और कुछ समय के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
ब्रेक बाइंडिंग से उठा धुआं
जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 11705 जबलपुर-रीवा शटल एक्सप्रेस के कोच क्रमांक 114674 के पहिए में ब्रेक बाइंडिंग हो गई थी। इसी कारण पहिए के पास से धुआं निकलने लगा। घटना को देखते ही रेल कर्मचारियों ने तुरंत स्थिति संभाली और जांच शुरू कर दी। तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर कोच की जांच की और समस्या को ठीक करने का काम शुरू किया।
आधा घंटा खड़ी रही ट्रेन
प्रारंभिक जांच में ब्रेक बाइंडिंग को ही घटना की मुख्य वजह बताया गया है। तकनीकी सुधार के दौरान ट्रेन उचेहरा स्टेशन पर करीब आधे घंटे तक खड़ी रही, जिसके बाद उसे आगे के लिए रवाना किया गया। इस कारण शटल एक्सप्रेस लगभग आधे घंटे की देरी से अपने गंतव्य की ओर बढ़ सकी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार घटना की विस्तृत जांच की जाएगी। एरिया मैनेजर ने बताया कि मामले में ट्रेन चालक और संबंधित कर्मचारियों के बयान दर्ज किए जाएंगे और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
0 ब्रेक ब्लष्क जाम हो जाने से यह स्थिति निर्मित हुई थी। उचेहरा से ट्रेन को आगे निकालने के बाद उसे सतना स्टेषन में भी अटेंड किया गया। इसके बाद गाड़ी रीवा की ओर रवाना कर दी गई।
– देवेंद्र यादव, टीआई, आरपीएफ







