जबलपुर। भेड़ाघाट थाने के अंतर्गत एक ट्रैवल्स एजेंसी संचालक की हत्या के मामले में पुलिस ने एक नाबालिग सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हत्या की वजह शराब के नशे में हुई विवाद थी। पाटन थाने के निवासी अभिषेक उर्फ महेन्द्र साहू (27) ट्रैवल्स एजेंसी के संचालक थे और लोगों का प्राथमिक उपचार भी करते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं।
जानकारी के अनुसार 2 जनवरी को अभिषेक अपने दोस्तों के साथ उज्जैन जाने के लिए स्कॉर्पियो वाहन से निकले थे। रास्ते में उनकी गाड़ी सहजपुर के पास खराब हो गई और रात होने के कारण उन्होंने इसे सड़क किनारे खड़ा कर दिया। अगले दिन दोपहर में उनका शव वाहन के बाहर रक्तरंजित अवस्था में मिला। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और जांच के आधार पर पुलिस ने नकुल कोल (19), नितिन उर्फ गज्जू बर्मन (20), दुर्गेश बर्मन (32), दीपक बर्मन (20), सौरभ ठाकुर (19), अनिकेत (23) और एक नाबालिग किशोर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने आपसी रंजिश के चलते हत्या करना स्वीकार किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गाड़ी खराब होने के बाद अभिषेक ने शराब का सेवन किया था । सुबह लगभग 9 बजे, जब सौरभ ठाकुर चाय पीने गया, तो अभिषेक ने उसे गाली दी, जिससे दोनों के बीच विवाद हो गया। सौरभ ने इस घटना के बारे में अपने दोस्तों को बताया। इसके बाद आरोपियों ने दो मोटरसाइकिल से पहुंचकर अभिषेक को स्कॉर्पियो वाहन से बाहर खींचकर चाकू से गोदकर हत्या कर दी। एसडीओपी बरगी अर्जुन अयंक मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।







