Home » शादी समारोह में सनसनीखेज वारदात, हर्ष फायर करने से रोका तो 10 साल के बच्चे को मारी गोली
मध्यप्रदेश

शादी समारोह में सनसनीखेज वारदात, हर्ष फायर करने से रोका तो 10 साल के बच्चे को मारी गोली

जबलपुर। शादी समारोहों में हर्ष फायरिंग पर सख्त कानूनी पाबंदी के बावजूद ऐसी वारदातें रुकने का नाम नहीं ले रहीं। सतना शहर के कोलगवां थाना क्षेत्र के रिया मैरिज गार्डन में सोमवार देर रात एक ऐसी ही सनसनीखेज घटना घटी, जहां फायरिंग बंद करने की गुजारिश पर आरोपी ने 10 वर्षीय मासूम शिवम पाल को उसके पेट से सटाकर राइफल से गोली मार दी।

घटना उस समय की है, जब बारात का जश्न गार्डन के बाहर जोर-शोर से चल रहा था। आरोपी सागर पांडे और उसके साथी हर्ष फायर कर रहे थे। इससे डरकर शिवम (पिताः नवेलू पाल, निवासीः गौहानी, थाना रामनगर) ने उनसे बंद करने की विनती की। बात बिगड़ते ही सागर ने बच्चे के पेट पर राइफल सटा कर गोली चला दी। लहूलुहान शिवम को पहले सतना जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। डॉक्टरों ने उसकी स्थिति गंभीर बताई है।

बताया जाता है कि शिवम दुल्हन का मौसेरा भाई था और रीवा के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के बरहा पतेरियान निवासी मामा राजेंद्र पाल (पिताः बालभद्र पाल) के साथ शादी में शामिल होने सतना आया था। दुल्हन की शादी सिद्धार्थ नगर के यादव परिवार में हुई।

कोलगवां पुलिस ने सागर पांडे और उसके साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया। मैरिज गार्डन के सीसीटीवी फुटेज जब्त कर जांच शुरू हो गई है। पुलिस यह भी तफ्तीश कर रही है कि राइफल लाइसेंसी थी या अवैध। अफसरों का कहना है कि पेट से सटाकर गोली चलाने से आरोपी की हत्या की मंशा साफ झलकती है। टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं, जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

Search

Archives